खड्डा। स्थानीय स्टेशन के पास नशे के बाद दो दोस्त रेलवे लाइन पर जाकर सोमवार की रात में सो गए। ट्रैक से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक का एक पैर कट गया, जबकि दूसरा बाल-बाल बच गया। घायल का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। खडडा थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर पड़रहवा निवासी मोहन जायसवाल (24), कल्लू (30) दोनों आपस में दोस्त हैं। दोनों नशे के आदी हैं। परिजनों के अनुसार सोमवार की देर रात को दोनों खडडा रेलवे स्टेशन से 50 मीटर पूरब होम सिग्नल के अंदर दोनों रेलवे लाइन पर सो गए। इसी दौरान गोरखपुर से बिहार जा रही मालगाड़ी पहुंची अचानक लाइन पर दो लोगों सोया देख चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी रोकने का प्रयास किया।
तब तक एक युवक मोहन का पैर कट गया। स्टेशन मास्टर की सूचना पर खडडा पुलिस के उप निरीक्षक रामसूरत चौहान व सिपाही राहुल यादव ने आकर घायल को तुर्कहा सीएचसी पहुंचाया,जहां हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कल्लू को चोट नहीं आई। उसे घर भेज दिया गया।