सोहरौना में बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाते सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया।
पडरौना। जिले के 1552 बूथों पर रविवार को 2,35,828 बच्चों को पोलियों की खुराक दो बूंद जिंदगी की पिलाकर पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। छह लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बूथों पर दवा पीने से वंचित रहे बच्चों को खुराक देने के लिए आज से स्वास्थ्य विभाग की 1053 टीमें घर-घर जाएंगी। इस अभियान की मॉनीटरिंग के लिए 324 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। साथ ही 54 ट्रांजिट व 25 मोबाइल टीम का भी गठन किया गया है।
रविवार को जनपद मुख्यालय रविंद्रनगर स्थित प्राथमिक विद्यालय से स्कूली बच्चों की पोलियों जागरूकता रैली को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश पटारिया एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसएन त्रिपाठी तथा बीएसए रामजियावन मौर्या द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
स्कूली बच्चे ...पोलियो जागरूकता रैली में दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार... नारा लगाते चल रहे थे। यह रैली प्राथमिक विद्यालय से होते हुए जिला न्यायालय के आगे से होकर पुनः वापस स्कूल पर आकर समाप्त हो गई। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने कहा कि पोलियो का अभियान 8 दिसंबर से शुरू हो रहा है। उन्होंने जनपद वासियों से अपील की कि जीरो से पाँच वर्ष के बच्चों को बूथ पर लाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं ताकि आपके बच्चे पोलियो जैसी बीमारी से बच सकें। कोई बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहें।
इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी संजीव कुमार सिंह, यूनिसेफ के जिला समन्वयक शहनाज, डब्लूएचओ से विनयशंकर गुप्ता, जिला कोल्ड चेन मैनेजर सत्यप्रकाश दुबे, एआरओ विनोद शाह सहित स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसएन त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में 6 लाख बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। 8 दिसंबर को 1552 बूथ बनाकर पोलियो ड्राप पिलाया गया। अब 9 से 13 दिसंबर तक टीमें घर-घर जाकर छूटे बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाएंगी। 16 दिसंबर को बी टीम द्वारा पुनः घर घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएगी। वहीं, पडरौना शहर के पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय में नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल बुलबुल ने दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान एमओआईसी डॉ. संजीव सुमन मौजूद रहे।
नेबुआ नौरगिया प्रतिनिधि के अनुसार सीएचसी में ब्लॉक प्रमुख शेषनाथ यादव व एमओआईसी डाॅ. रजनीश श्रीवास्तव ने बच्चों को खुराक पिलाई। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि दो बूंद जिंदगी के लिए जरूरी है। पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।