फर्द मुड़ेरा गांव में घटना स्थल का जायजा लेते एडिशनल एसपी साथ में चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह।स?
- फोटो : KUSHINAGAR
कुशीनगर : सो रही पत्नी और तीन बच्चों को जलाया
महिला और एक बच्चे की मौत, दो बच्चे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती
पत्नी से अनबन के बाद वारदात को दिया अंजाम, आरोपी फरार, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना (कुशीनगर)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के फर्द मुंडेरा गांव में बृहस्पतिवार देर रात एक व्यक्ति ने सो रही पत्नी और तीन बच्चों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पत्नी और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर है। पत्नी से अनबन के बाद आरोपी ने घटना को अंजाम दिया है। आरोपी फरार है।
जानकारी के अनुसार, फर्द मुंडेरा गांव में रामसमुझ साहनी परिवार के साथ एक कमरे के मकान में रहता है। तीन दिन पहले रामसमुझ और उसकी पत्नी सुभावती में किसी बात पर अनबन हो गई। पत्नी से मारपीट के बाद रामसमुझ कहीं चला गया। बृहस्पतिवार रात सुभावती बच्चों संग सो गई। करीब 11 बजे रामसमुझ घर पहुंचा। खिड़की के रास्ते पेट्रोल छिड़ककर पत्नी और बच्चों के बिस्तर में आग लगा दी। मां और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर लोग पहुंचे और आग को बुझाया। गंभीर रूप से झुलसी सुभावती (32), बेटी मुस्कान (10), बेटा अंकित (8) और अरुण (4) को बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर पहुंचाया गया। रात में सुभावती की मौत हो गई। सुबह अरुण (4) ने दम तोड़ दिया। मुस्कान (10) और अंकित (8) की हालत गंभीर है। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उसे पकड़ने के लिए टीम तैनात की गई है।