बोदरवार। कप्तानगंज ब्लाॅक के अंतर्गत आने वाले ग्राम सभा बोदरवार के ग्रामीण आज भी शुद्ध पानी के लिए तरस रहे हैं। ग्राम सभा के अंदर लगभग बीस साल पहले बनी पानी की टंकी से गांव के अंदर आधी-अधूरी पानी की सप्लाई की जा रही है। दो दशक पहले पानी की टंकी बनने के बाद भी यहां के लोग जल निगम की उदासीनता के कारण शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं।
कप्तानगंज-पिपराइच मुख्य मार्ग से पश्चिम की दिशा में स्थित निषाद टोला, हरिजन बस्ती, शुक्ल टोला तक ठेकेदार ने पाइप लाइनों को बिछा कर पानी की सप्लाई कर दी। जबकि, मुख्य मार्ग से पूरब दिशा में ग्रामीणों के लिए पाइप लाइनों को बिछा तो दिया गया, लेकिन इसे मुख्य पाइप लाइन से नहीं जोड़ा गया। इससे इस क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है।
दक्षिणी हिस्से में पानी की सप्लाई नहीं : दक्षिण दिशा में स्थित यादव टोले में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। इस कारण यहां के ग्रामीण आज भी शुद्ध पानी के लिए तरस रहे हैं। इसको लेकर यहां के ग्रामीण मुहम्मद तहसीन, बांके लाल, निगम, राम समुझ यादव, राजेश यादव, राजू गुप्ता, जयनाथ आदि ने सप्लाई को बहाल कराने की मांग की है।