मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के नाहर छपरा माइनर टूटने से आनन-फानन में बंधवा तो दिया गया, लेकिन दो दिनों के बाद भी अभी तक फसलों से पानी की निकासी नहीं हो सकी है।
किसानों का आरोप है कि माइनर की सफाई मानक के विपरीत हुई है, जिसके कारण पानी आते ही जगह-जगह माइनर टूटने लगी। किसानों का कहना है कि करीब 50 एकड़ फसलों की क्षति हो जाएगी। किसान बर्बाद फसलों की मुआवजा की मांग कर रहे हैं।
चौरिया माइनर से निकलकर नाहर छपरा माइनर खजुरिया गांव से होकर जाती है। शुक्रवार की देर रात को माइनर में पानी आते ही कई जगहों पर पानी ओवरफ्लो होकर बहने लगी। खजुरिया गांव के बेलास पट्टी टोले के पास माइनर टूट गई। इस कारण करीब 50 एकड़, तिलहन, गेहूं, गन्ना और सब्जी की फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई। शनिवार की दोपहर टूटी माइनर की मरम्मत करवा दी गई।