पडरौना/रामकोला। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिंघहा रेगुलेटर के पास बुधवार को पुलिस ने मुठभेड़ में दो पशु तस्करों को दबोच लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने एक पिकअप में लादे गए नौ गोवंश को भी मुक्त कराया। घायल तस्करों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। खड्डा सीओ उमेश चंद भट्ट ने बताया कि बुधवार को भोर में महराजगंज से कुशीनगर के रास्ते बिहार में गोवंश ले जाने की सूचना रामकोला पुलिस को मिली। गोवंश को एक पिकअप में लादकर ले जाया जा रहा था। इसके बाद नेबुआ नौरंगिया के थानाध्यक्ष दीपक सिंह, खड्डा एसओ हर्षवर्धन सिंह और रामकोला पुलिस ने सिंघहा रेगुलेटर के पास घेराबंदी कर दी।
एक पिकअप आता हुआ दिखाई दिया तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्कर भागना शुरू कर दिए। आगे पुलिस को देख तस्कर पिकअप से उतर गए और कर्मियों पर फायरिंग भी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पशु तस्करों के पैर में गोली लग गई और वह जमीन पर गिर गए। घायल तस्करों को पुलिस रामकोला सीएचसी पर ले गई। यहां प्राथमिक इलाज के बाद कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तस्करों की पहचान खड्डा थाना क्षेत्र के डोमन पट्टी गांव निवासी आरीफ अंसारी, गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र के जंगल बिहुली बेलहवा बंजारा टोला निवासी शाहरूख अली के रूप में की। इनके पास से दो तमंचा भी बरामद हुआ। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि महराजगंज से कुशीनगर के रास्ते बिहार होते हुए गोवंश को बंगाल लेकर जा रहे थे। पिकअप पर बिहार का नंबर दर्ज है। तस्करों के पास से मिले मोबाइल फोन व वाहन के नंबर की मदद से पुलिस इस गैंग से जुड़े बाकी सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।