झुंगवा कट पर सड़क हादसे में जलती बाइक। संवाद
कसया। हाईवे स्थित झुंगवा कट पर मंगलवार को एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक में आग लग गई। वह धू-धू कर जलने लगी।
इस दुर्घटना में बाइक सवार पिता व दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल पिता व पुत्रों को सीएचसी कसया भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक देख दोनों पुत्रों को गोरखपुर तथा पिता को मेडिकल कॉलेज रविंद्र नगर रेफर कर दिया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। कसया थाना क्षेत्र के भैंसहा गांव के टोला डुमरी बाबू निवासी अनिल राव (35) पुत्र दरोगा राव की शादी की सालगिरह थी। वह मंगलवार को दोपहर 12.30 बजे अपने पुत्र नमन (10) और कान्हा (8) को बाइक से लेकर कुशीनगर आए थे।
यहां से बच्चों को खिलाकर घर लेकर जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर वे झुंगवा कट पार कर रहे थे कि बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसी बीच सामने से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो बेटे और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में आग पकड़ ली और सड़क पर धू-धू कर जलने लगी।
सूचना के बाद आई पुलिस ने घायल पिता व पुत्रों को सीएचसी भिजवाया। पुलिस ने जल रही बाइक पर पानी फेंककर आग बुझाई। दुर्घटना के बाद राजमार्ग पर बाइक के पुर्जे बिखरे पड़े थे। पुलिस के अनुसार आसपास के घरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज से खंगाला जाएगा। आग बुझाने के लिए दुर्घटना के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी आई। इस संबंध में चौकी इंचार्ज गौरव शुक्ल ने कहा कि घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी गई है। आगे आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।