तमकुहीराज कस्बे में धरना देते लोग। संवाद
तमकुहीराज। कस्बा स्थित सीएचसी में सामान्य प्रसव के बाद नगर पंचायत तमकुहीराज के वार्ड नंबर सात निवासी व बिहार में शिक्षिका सुप्रिया की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन डॉक्टरों के ऊपर लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग करने लगे। इसी मामले दोषी डॉक्टरों की बर्खास्तगी और कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को पीड़ित परिवार संग कांग्रेसी कार्यकर्ता कस्बे के सरदार पटेल की प्रतिमा के समीप अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिए। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू भी धरने में शामिल होकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया।
नगर पंचायत तमकुहीराज के मुख्य मार्ग स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा के समीप पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में परिजनों व स्थानीय लोगों ने अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया। धरना आंदोलन में शामिल लोगों ने सीएचसी तमकुहीराज के जच्चा-बच्चा केंद्र में तैनात महिला चिकित्सक डा.सलोनी जायसवाल, सीएचसी अधीक्षक डा. अमित राय सहित अन्य डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि न्याय की यह लड़ाई रहेगी। उन्होंने सीएचसी के स्वास्थ्य कर्मचारियों को इस घटना का कसूरवार ठहराते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज करने व डॉक्टरों को बर्खास्त करने की मांग दुहराई। आंदोलनकारी अमित सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के बड़े अधिकारियों पर सत्ता दल के जनप्रतिनिधि एवं नेता दबाव बनाकर आरोपी डॉक्टरों को बचा रहे हैं। उनका कहना था कि जब तक दोषी डॉक्टरों को सस्पेंड नहीं किया जाएगा वह अपना आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान संजय सिंह पटेल, उमेश्वर पटेल, मृतका की मां सरोज सिंह, पति अमनदीप पटेल, ससुर राकेश सिंह, सभासद उपेंद्र चौहान, विक्रांत यादव, अजय सिंह, अरशद रजा, प्रधान उपेंद्र सिंह, आफताब आलम, विवेक कुशवाहा आदि मौजूद रहे।