ट्रक व बरातियों की कार में भिड़ंत, दूल्हे के पिता की मौत
कौवापट्टी के पास हुई दुर्घटना, पांच बराती गंभीर रूप से घायल
सेवरही (कुशीनगर)। कौवापट्टी गांव के पास ट्रक और बरातियों की कार में भिड़ंत हो गई। दूल्हे के पिता की मौत हो गई। जबकि पांच बराती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तमकुहीराज सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से चार घायलों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार सेवरही थानाक्षेत्र के पकड़ीहार पूरबपट्टी गांव निवासी 55 वर्षीय हरिनारायण चौरसिया के बेटे प्रवीण चौरसिया की शुक्रवार रात में तरयासुजान थानाक्षेत्र के सलेमगढ़ बरात गई थी। वह शनिवार को बरातियों के साथ कार से घर आ रहे थे। नेशनल हाईवे के कौवापट्टी गांव के पास उनकी कार और एक ट्रक के बीच टक्कर हो गई। कार की आगे की सीट पर बैठे हरिनारायण की मौके पर मौत हो गई। जबकि कार चला रहे रिश्तेदार धर्मनाथ चौरसिया (45), पीछे की सीट पर बैठे पडरौना के साहबगंज निवासी सचिन चौरसिया (16), आदित्य चौरसिया (15) और हकीक (21), कमलेश चौरसिया (15) गंभीर रूप घायल हो गए। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे की सूचना जैसे ही हरिनारायण के घर पहुंचीं, मंगलगीत की जगह चीत्कार मच गई।
...
बाइक की चपेट से युवक की मौत
सेवरही। तमकुहीराज-सेवरही मार्ग पर शुक्रवार रात इमिलिया गांव के सामने किसी वाहन की चपेट से बाइक सवार रंजन पटेल (26) की मौके पर मौत हो गई। पीछे बैठे बुलेट शर्मा (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक विशुनपुरा थानाक्षेत्र के बांसगांव चौरिया के रहने वाले हैं। रंजन पटेल की शादी फरवरी में ही हुई थी। दुर्घटना के बाद एंबुलेंस आने में विलंब होने पर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। सेवरही थाने के एसओ आशुतोष सिंह ने बताया कि घायल युवक को पुलिस वैन से तमकुहीराज सीएचसी भेज दिया गया है। जबकि हंगामा कर रहे लोगों को सड़क से हटा दिया गया। संवाद