पडरौना। खेल निदेशालय की तरफ से वॉलीबाल, तैराकी समेत 19 खेलों में सिविल सर्विसेज की जिला/मंडल एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें शामिल होने के लिए जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम में छह अगस्त को जिला स्तरीय ट्रायल होगा।
उप क्रीड़ाधिकारी प्रवेश कुमार रावत ने बताया कि खेल निदेशालय की तरफ से सिविल सर्विसेज की टेनिस, वाॅलीबाल, तैराकी, बास्केटबाल, बैंडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी, शतरंज, भारोत्तोलन एंड बेस्टफिजिक, कैरम, ब्रिज, कुश्ती, पावरलिफ्टिंग, क्रिकेट, खो-खो, योगासन, हॉकी, फुटबाल और एथलेटिक्स प्रतियोगिताए अगस्त में अलग-अलग तिथियों में होनी हैं। इसके लिए छह अगस्त को स्टेडियम में ट्रायल होगा।
चयनित खिलाड़ी 12 व 13 अगस्त को सुबह 11 बजे रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोरखपुर में आयोजित ट्रायल में प्रतिभाग कर करेंगे। वहां सफल खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका मिलेगा।
उन्होंने बताया कि छह अगस्त को आयोजित इस ट्रायल में आटोनोमस बाॅडी जैसे परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायत, पुलिस विभाग, अध्यापक, सहायक अध्यापक आदि भाग नही लेंगे पूर्ण रूप से सरकारी कर्मचारी ही भाग ले सकते हैं।
इच्छुक सरकारी अधिकारी व कर्मचारी अपने विभाग से अनुमति प्राप्त कर निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर चयन/ट्रायल्स में भाग ले सकते हैं।