पडरौना। आयुष्मान योजना के तहत मरीजों के इलाज में अनियमितता की शिकायत पर जनपद के 10 अस्पताल स्वास्थ्य विभाग के जांच के घेरे में हैं। आरोप है कि पंजीकरण के दौरान जिन डॉक्टरों और चिकित्सा उपकरणों का ब्योरा दिया गया था, उनका इस्तेमाल इलाज में नहीं हो रहा है। शासन के निर्देश पर अब मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में इन अस्पतालों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।
आयुष्मान योजना के तहत जिले में कुल 40 अस्पताल चयनित हैं। इनमें मरीजों के इलाज में अनियमितता, लापरवाही और उपचार के बाद भुगतान में गड़बड़ी के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। अब आयुष्मान कार्यालय लखनऊ ने जिले के 10 अस्पतालों के भौतिक सत्यापन का निर्देश दिया है। इसके लिए सीएमओ कार्यालय को अस्पतालों की सूची भेजी गई है। जांच में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ संबंधित तहसील क्षेत्र के एसडीएम की मौजूदगी अनिवार्य की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, शिकायत मिली है कि इन अस्पतालों ने आयुष्मान योजना में चयन के दौरान जिन डॉक्टरों के नाम दिए थे, उनसे मरीजों का इलाज नहीं कराया जा रहा है। मरीजों का ऑपरेशन और उपचार दूसरे डॉक्टरों से कराया जा रहा है। इसके अलावा अस्पतालों के पंजीकरण के समय आवश्यक चिकित्सा उपकरण किराये पर मंगाकर दिखाए जाने की भी शिकायत है। शिकायतें लखनऊ स्थित आयुष्मान कार्यालय तक पहुंचने के बाद भौतिक सत्यापन का निर्णय लिया गया है। इससे संबंधित अस्पताल संचालकों में खलबली मची है।
इससे पहले लखनऊ से आई आयुष्मान योजना की टीम जिले के चार अस्पतालों की जांच कर चुकी है। अब जिन अस्पतालों के सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं, उनमें कृष्णा हॉस्पिटल, किलकारी हॉस्पिटल, पूर्वांचल हॉस्पिटल तमकुहीराज, मातुल्य हॉस्पिटल, मां यशोदा हॉस्पिटल फाजिलनगर, शैल चिकित्सालय पडरौना, सीपी अस्पताल कुबेरस्थान और ग्रेट मल्टी हॉस्पिटल पडरौना शामिल हैं। शेष दो अस्पतालों का नाम सामने नहीं आ सका है।