नए ग्राम प्रधानों को शासन की तरफ से गांवों में संचालित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देने के लिए शनिवार को जिला मुख्यालय पर प्रशिक्षण दिया गया।
इसमें स्टेट प्रशिक्षक ने नए शासनादेशों, गांवों में संचालित योजनाओं से संबंधित गाइड लाइन, स्वच्छता आदि की जानकारी दी गई।
ग्राम प्रधानों को गांवों की सरकार चलाने में सहूलियत हो इसके लिए उन्हें प्रशिक्षित करने के लिए दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
प्रशिक्षण के पहले दिन सात ब्लॉकों के ग्राम प्रधानों को बुलाया गया था। इसमें महिला प्रधानों के साथ उनके परिवार के लोग भी थे।
डीएम लोकेश एम ने ग्राम प्रधानों से कहा कि ग्राम प्रधान एक तरह से अपने गांव का मुखिया होता है। इसलिए उसे अपने गांव की हर गतिविधि के बारे में जानकारी होनी चाहिए। योजनाओं के सही क्रियान्वयन के अतिरिक्त गांव में लॉ एंड आर्डर मेेंटेन रखना भी ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी होती है।
इसलिए हर ग्राम प्रधान अपने गांव की हर गतिविधि पर नजर रखें तथा इसके बारे में जिला प्रशासन को भी अवगत कराएं।
सीडीओ केदारनाथ सिंह ने ग्राम प्रधानों से सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना में उन्हें कठिनाई महसूस हो तो बीडीओ अथवा उच्चाधिकारियों से संपर्क करें। ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण देने के लिए आए स्टेट प्रशिक्षक विवेक गंगवार ने शासन की सभी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। शनिवार के प्रशिक्षण में डीपीआरओ आरके भारती, ग्रामीण स्वच्छ भारत मिशन के डीपीसी बृजेशनाथ तिवारी सभी सभी एडीओ पंचायत, प्रधान प्रमिला शाही मौजूद रहे।