पडरौना। हाईवे स्थित हाटा कस्बे के केन यूनियन चौराहे पर बन रहे फ्लाईओवर के कारण यातायात व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। गोरखपुर व बिहार से आने-जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों को डायवर्जन के सहारे एक ही लेन से गुजारा जा रहा है इससे जाम की स्थित बन जा रही है। वाहन रेंगते हुए नजर आ रहे हैं।
बुधवार सुबह 10:00 बजे हाईवे स्थित बस स्टेशन से लेकर कोतवाली चौराहे तक वाहनों की रफ्तार सुस्त पड़ गई थी। ऐसे में एक ही लेन पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से पांच मिनट के सफर को तय करने में आधे से एक घंटे तक का समय बर्बाद हुआ। एक लेन से ही ट्रक और बसें आमने-सामने से गुजर रहे थे, इससे बहुत धीमी रफ्तार में वाहनों के पहिए आगे बढ़ रहे थे।