पडरौना। यूपी बोर्ड में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिले के 13 विद्यालयों के टॉप-टेन सूची में स्थान बनाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इन मेधावियों को नकद, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किया जाएगा।
25 अप्रैल को यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया था। अब माध्यमिक शिक्षा विभाग टॉप टेन सूची में स्थान बनाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका मान बढ़ाएगा। टॉपर छात्रों को प्रोत्साहन राशि 21 हजार रुपये, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और मेडल दिया जाएगा। इसके लिए कलक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। विभाग की तरफ से टॉपरों का डाटा, खाता नंबर, परीक्षा में प्राप्त अंक और प्रतिशत को मिलाकर सूचीबद्ध किया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर हाईस्कूल और इंटर के टॉप टेन मेधावियों को पुरस्कृत किया जाएगा। विभाग की तरफ से इसकी तैयारी की जा रही है।
ये मेधावी होंगे पुरस्कृत
पडरौना। हाईस्कूल के एजाज अली, उजाला सिंह, आनंद कौशिक, अंश कुमार राव, पलक गुप्ता, निशु कुशवाहा, निखिल चौहान, अल्तमस वसीर, विकास मद्धेशिया, खुशी गुप्ता और इंटर के आरजू खातून, अमृता यादव, जिज्ञासा चतुर्वेदी, विनीता सिंह, खुशी गुप्ता, विनीत प्रियदर्शी, प्रतीमा निगम, दिव्यांजली गुप्ता, आलोक यादव और सूरज यादव समेत कुल 20 मेधावी विद्यार्थियों को कलक्ट्रेट सभागार में मेडल, टैबलेट और प्रशस्ती पत्र देकर पुरस्कृत किया जाएगा। संवाद