पडरौना। कोतवाली पुलिस ने बांसी चौकी पर वाहन चेकिंग के दौरान एक कंटेनर में छिपाकर बिहार ले जाए रहे तंबाकू, सिगरेट और मोबाइल का डिस्प्ले ग्लास बरामद किया है। ट्रक में सवार तीन तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कंटेनर की बॉडी में अलग से वेल्डिंग कर बाक्स बनाया गया था, जो नट बोल्ट से कसा गया था। इसी के अंदर यह तस्करी का सामान छिपाया गया था। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह काफी दिनों से सक्रिय है। गिरफ्तार हुए तीनों तस्करों को पुलिस ने कोर्ट मेंं पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। वाहन समेत मादक पदार्थों की कीमत 1.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पडरौना कोतवाली के बांसी पुलिस चौकी का क्षेत्र बिहार प्रांत सटा है। इस रास्ते शराब, गांजा समेत अन्य वस्तुओं की तस्करी की जाती है। हालाकि पुलिस की ओर से कार्रवाई भी की जाती है। एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि सोमवार को बांसी चौकी पर पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान हरियाणा नंबर का एक कंटेनर आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने रोका तो इसमें बैठा एक युवक कूदकर भागने लगा। संदेह होने पर कंटेनर में सवार तीनों युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
कड़ाई से पूछताछ में बताया कि कंटेनर के अंदर बॉडी में अलग से बाक्स बनाया गया है, जो नट बोल्ट से कसा गया है। इसके अंदर सिगरेट, तंबाकू और मोबाइल डिस्प्ले ग्लास छिपाया गया है। इसके बाद कंटेनर के अंदर बने बॉडी को खुलवाया तो सामान देखकर पुलिस भी दंग रह गई। 25 बंडल प्लास्टिक के बोरे में नकली तंबाकू, सिगरेट तथा चार बंडल प्लास्टिक के बोरे में नकली मोबाइल डिस्प्ले ग्लास मिला। पुलिस ने तस्करों की पहचान राकेश पांडेय ग्राम महुरा प्रकाशपुर, थाना धीना, जनपद चंदौली, बबलू पांडेय ग्राम अहिरौली थाना कुछिला जनपद कैमूर भभुआ, रौनक खान ग्राम रामगढ़वा, मोतीहारी बिहार के रूप में किया।