कुशीनगर। होटल कारोबारियों के लिए अनैतिक कार्य का धंधा आसपास के जिलों से युवाओं और जोड़ो के आने के कारण पहली पसंद बन गया है। रोजाना गोरखपुर व आसपास के जनपदों से गाड़ियां आती हैं। इसके अलावा बिहार से भी गाड़ियां होटलों के आसपास देखी जाती हैं। जिसपर जोड़े सवार होते हैं। इनमें से कुछ पर्यटन स्थल का आनंद लेने आते हैं, लेकिन कुछ पहले से दलालों से डील कर पहुंचते हैं। यही नहीं अनैतिक कार्य का धंधा केवल कुशीनगर तक नहीं बल्कि फाजिलनगर और पडरौना के रामकोला रोड के आसपास होटलों में भी संचालित होता है। फिलहाल पुलिस कसया होटल और मैरिज लॉन से गिरफ्तार युवक-युवतियों को जेल भेजकर मौके से मिली डायरी की पड़ताल कर रही है।
इस डायरी में कई कस्टमर के आधार नंबर, लोकेशन और संपर्क सूत्र हैं। सूत्रों के मुताबिक इनमें से कुछ ने आधार नंबर तो सही दिया है लेकिन भ्रमित करने के लिए पता और संपर्क सूत्र गलत दिया है। कुशीनगर में व्यापक अभियान न चलने के कारण अनैतिक कार्य का अड्डा बनता गया। एक ओर से पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के बाद यह धंधा मंद हुआ लेकिन पुनः जब पुलिस ने शह दिया तो बंद होने के बजाय तेजी से यह धंधा संचालित होने लगा।
देह व्यापार के मामले में कुशीनगर के होटल पर्ल और उत्सव मैरिज लॉन से पकड़े गए युवक जिले के अलावा पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों के हैं लेकिन इसमें पकड़ी गईं युवतियों का कनेक्शन दिल्ली, गाजियाबाद, कानपुर और लखनऊ से निकलकर आ रहा है। यह युवतियां और महिलाएं वहां से आकर कुशीनगर के होटलों में कस्टमर हैंडलिंग का कार्य करती थीं। कस्टमर से बातचीत कर उन्हें लड़कियां उपलब्ध कराती थीं। इसके एवज में होटल मालिकों द्वारा उन्हें मोटी रकम दी जा रही थी।
दरअसल, बरवा जंगल, कसया, कुशीनगर से लेकर पकवाइनार तक हाईवे और अंदर की ओर बने गेस्ट हाउस, लॉज और होटलों में लोगों से डीलिंग के लिए अलग-अलग दलाल सक्रिय हैं। यह लोगों विशेषकर युवाओं को उनके मोबाइल पर रेट के अनुसार फोटो और श्रेणीवार तरीके से लड़कियों के फोटो भेजते हैं। सूत्रों के अनुसार 400 से लेकर 4 से 5 हजार तक के रेट में सौदा होता है। कई बार रिलेशनशिप वाले लड़के-लड़कियां भी ऐसे होटलों में पहुंचते हैं। पूर्व में पकड़े गए जोड़ों और गिरफ्तारियों की देखें तो इस धंधे में अधिकांश कम उम्र के लड़के ही शामिल हैं। रोजाना यूपी-53, यूपी-52 के अलावा बिहार की बीआर-28, 29, 22 नंबर की गाड़ियां होटलों के आसपास देखी जाती हैं, जिस पर जोड़े सवार होते हैं।