खड्डा। गर्मी से राहत के लिए बृहस्पतिवार को भैंसहा घाट पर गंडक नदी में स्नान कर रहे तीन युवक युवक डूबने लगे। आसपास के लोगों ने दो युवकों को बचा लिया। तीसरा लापता हो गया। खबर मिलते ही गांव वालों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ को सूचना दी। देर शाम तक टीम नहीं पहुंची थी।
खड्डा कस्बे के 27 वर्षीय अभय गुप्ता कस्बा में अपना पैथालॉजी चलाते हैं। बृहस्पतिवार को तुर्कहा गांव के पास प्राइवेट अस्पताल में काम करने वाले रविंद्र नगर धूस थाना क्षेत्र के सिसवा मठिया गांव 22 वर्षीय अमित कुशवाहा, पडरौना कोतवाली बड़हरा गांव निवासी 23 वर्षीय कबीर तीनों बाइक से भैंसहा घाट पर शाम को स्नान करने पहुंचे। नदी में स्नान करते समय तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। नदी के किनारे मौजूद युवक नदी में कूद गए और अमित व कबीर को बचा लिया, जबकि अभय लापता हो गया। इसकी जानकारी होने पर घर वाले भी पहुंच गए। लापता युवक की पत्नी प्रिया गर्भवती है। उनका रो रोकर बुरा हाल है। युवक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का है। इसकी जानकारी मिलने पर तहसीलदार महेश कुमार और खड्डा थाने की पुलिस पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने पानी में युवक की तलाश की। लेकिन, उसका पता नहीं चला। तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को गोरखपुर से बुलाया जा रहा है।
इनसर्ट
डूबने से बचे दोनों युवक सदमे में
-बाल-बाल बचे अमित व कबीर ने बताया कि नदी में कई लोग नहा रहे थे। यह देख हम लोग भी नहाने लगे। इसी बीच अभय हंसते हुए दोनों को गहराई की तरफ खींचने लगा। उसे लगा कि पानी कम है लेकिन, अचानक तीनों गहराई में फंस गए और डूबने लगे। मौत के मुंह से निकले किसी तरह युवकों ने दोनों की जान बचाई। दोनों काफी सहमे हुए हैं और अभय के लापता होने से दुखी हैं।