अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
- एक बोलेरो और चोरी की तीन बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को चोरी के वाहनों को बरामद कर तीन व्यक्तियों को पकड़ा है। इनके कब्जे से एक बोलेरो और तीन बाइक बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि यह अंतरराज्यीय वाहन चोर हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस लाइन में चोरी का खुलासा करते हुए एएसपी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि पडरौना कोतवाली क्षेत्र के खिरकिया चौराहा के पर तेज रफ्तार में आ रहे एक बोलेरो को रोकने की कोशिश की। उसमें तीन लोग सवार थे। पुलिस को देख बोलेरो लेकर भागने की कोशिश किए तो उन्हें वहीं पकड़ लिया गया। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम सूरज कुमार निवासी गुदरी बाजार, थाना बगहां जिला पश्चिमी चंपारन (बिहार), मुमताज निवासी समउर बाजार थाना पटहेरवा, जनपद कुशीनगर और जिब्रान निवासी नौका टोला, कोतवाली पडरौना बताया। चालक सूरज कुमार से वाहन के संबंध में कागजात मांगा गया तो नहीं दिखा सका। पूछताछ में तीनों ने बताया कि बोलेरो बगहां (बिहार) से कुछ दिन पहले चोरी किए थे। इसमें उनके दो अन्य साथी, जिनका नाम सुजीत शर्मा निवासी नरायनपुर थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर और अरुण आर्या निवासी पंचदेउरी थाना कटेया जनपद गोपालगंज बिहार भी सम्मिलित थे। पांचों बिहार तथा यूपी-बिहार सीमा से दो व चार पहिया वाहनों की चोरी कर एकत्रित कर बेचते हैं। पकड़े गए मुमताज व अन्य की निशानदेही पर उसके घर में छिपाकर रखी गई चोरी की दो बाइक बरामद की गई। सुजीत शर्मा के घर से एक बुलेट बरामद हुई। हालांकि सुजीत शर्मा मौके पर नहीं मिला। इसके अतिरिक्त दो तमंचा व दो कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर इन सभी के खिलाफ पडरौना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
एएसपी ने बताया कि इन्हें गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाल निर्भय कुमार सिंह, एसआई वेदप्रकाश, चौकी इंचार्ज बांसी, रत्नेश कुमार मौर्य, प्रभात कुमार यादव, हेड कांस्टेबल सत्यनारायण राय, कांस्टेबल रणजीत कुमार सिंह, अंकुर सिंह सहित अन्य कई पुलिसकर्मी शामिल थे।