जिले में अलग-अलग स्थानों पर ठंड से तीन लोगों की हुई मौत
- फोटो : अमर उजाला
गुरवलिया बाजार(कुशीनगर)। पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड व गलन बुजुर्गों पर भारी पड़ने लगी है। शुक्रवार की रात से शनिवार की भोर तक तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के ग्रामसभा छहूं में दो वृद्धजनों की मौत हो गई। मृतकों के परिवारीजन मौत का कारण ठंड लगना बता रहे हैं। मौत होने से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के ग्रामसभा छहूं के 65 वर्षीय रामचंद्र बृहस्पतिवार की शाम अपने दरवाजे पर बैठे थे। उनके घरवालों का कहना था कि शरीर में कंपकपी होने पर वह अचेत होकर गिर पड़े। उन्हें आनन फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने हालत नियंत्रण से बाहर देख उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। वहां भी डॉक्टरों ने रामचंद्र के अब और जीवित न रहने की बात कहकर उन्हें घर भेज दिया था। शुक्रवार की रात रामचंद्र की मौत हो गई। उधर, 70 वर्षीय वंशराज की भी मौत शनिवार की भोर मौत हो गई। परिवार के लोग उनकी मौत की वजह ठंड बता रहे हैं। ठंड के कारण मौत होने से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।
उधर, रामकोला थानाक्षेत्र के अहिरौली कुस्मही गांव में दूसरे के बरामदे में सोकर अपना जीवन यापन करने वाले 50 वर्षीय किसान की शनिवार की भोर में मौत हो गई। मृतक के घरवालों का कहना था कि मौत ठंड लगने से हुई है। इस गांव के रहने वाले ईश्वर रौनियार का एक कमरा का मकान है। वहां तीन लड़के तथा एक लड़की के अलावा दो पुत्रवधुएं भी रहती हैं। ईश्वर के पुत्र सिकंदर का कहना था कि उनके पिता की मौत ठंड लगने से हुई थी। उनके पास एक ही कंबल था। उनकी मौत के बाद परिवार में मातम छा गया।