कसया। सीएमओ डॉ. चंद्र प्रकाश के निर्देश पर कसया नगर में संचालित निजी अस्पतालों व पैथोलॉजी केंद्रों की जांच के लिए गठित टीम ने शनिवार को छापा मारा। जांच में तीन पैथोलॉजी केंद्रों के पास पंजीकरण संबंधी कागजात नहीं मिलने पर उन्हें सील कर दिया गया, जबकि तीन पैथोलॉजी और एक अस्पताल को नोटिस जारी किया गया है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. मार्कंडेय चतुर्वेदी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान नगर में संचालित सीटी पैथोलॉजी, न्यू पैथोलॉजी और न्यू श्याम पैथोलॉजी को अवैध पाए जाने पर सील कर दिए गए। वहीं नंदनी, धर्मा और कल्याण पैथोलॉजी के साथ ही अपोलो हॉस्पिटल को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
सीएचसी प्रभारी ने बताया कि छापे के दौरान जिन पैथोलॉजी केंद्रों के पास पंजीकरण से संबंधित कागजात उपलब्ध नहीं मिले, उन्हें सील कर दिया गया। अन्य संस्थानों को नोटिस देकर निर्धारित समय के भीतर दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से कसया नगर में संचालित अन्य अवैध अस्पतालों और पैथोलॉजी संचालकों में हड़कंप मच गया। इस दौरान एआरओ रत्नेश यादव, अभिषेक कुमार, राकेश पाण्डेय और वसीर अहमद प्रवीण मौजूद रहे।