अंगूठे का क्लोन बनाकर जालसाजी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
एएसपी ने किया खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। जिले की तरयासुजान पुलिस ने साइबर सेल की मदद से अंगूठे का क्लोन तैयार कर लोगों के खातों से ऑनलाइन रुपये उड़ाने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने इस गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से धोखाधड़ी कर निकाले गए 1,29,550 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। उनके कब्जे से एक लग्जरी कार, बड़ी मात्रा में पैन, आधार कार्ड व क्लोन तैयार करने वाले उपकरण बरामद हुए हैं।
शनिवार को पुलिस कार्यालय में एएसपी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि तरयासुजान थाने में 15 सितंबर को एक महिला ने बचत खाते से 3,25,000 रुपये गायब होने के संबंध में आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया था। थाना अहिरौली बाजार में दूसरे पीड़ित ने 18 नवंबर को बचत खाते से कई बार में कुल 98000 रुपये फर्जी तरीके से निकाले जाने के संबंध में केस दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक सचिन्द्र पटेल ने जनपद में पीड़ितों के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर पैसे निकालने वाले गैंग का पर्दाफाश करने के लिए स्थानीय पुलिस एवं साइबर सेल कुशीनगर के संयुक्त टीम का गठन कर घटनाओं के खुलासे के निर्देश दिए थे। काफी छानबीन के बाद पुलिस टीम ने तीन शातिर अपराधियों का पता लगाया। पहचान पुख्ता हो जाने के बाद तमकुहीराज ओवरब्रिज के पास जाल बिछा कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी ने बताया कि पकड़े शातिरों की पहचान श्यामराज पुत्र पारसनाथ निवासी तरकुलही, पोस्ट झगहां, थाना खोराबार जनपद गोरखपुर, दीपक कुमार पुत्र राजेन्द्र साहनी निवासी ग्राम जंगल पिपरा, पोस्ट लक्ष्मीपुर, थाना रूद्रपुर, जनपद देवरिया तथा जितेन्द्र गुप्ता पुत्र गंगा प्रसाद निवासी लुअठई बाजार, पोस्ट लक्ष्मीपुर, थाना रूद्रपुर जनपद देवरिया के रूप में हुई है।