रामकोला रोड पर नाले की साफ-सफाई का निरीक्षण करते चेयरमैन विनय जायसवाल।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। शहर में जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़े नालों की साफ-सफाई पर नगर पालिका की ओर से बरसात से पहले 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। 18 किमी की लंबाई में फैले 37 बड़े नालों की साफ-सफाई का कार्य 15 जून तक पूरा किया जाना है। इसमें 20 बड़े नालों की साफ-सफाई का कार्य पूरा हो चुका है, शेष नालों की साफ-सफाई का कार्य चल रहा है।
शहर में अधिकांश नाले-नालियों के जाम होने के कारण जल निकासी की स्थिति गंभीर हो गई है। अधिकांश मुहल्लों के लोग नालियों के साथ नहीं होने की वजह से परेशान हैं। नौका टोला समेत कई मुहल्ले के लोग बरसात होते ही जल भराव के चलते परेशान हो जाते हैं। इस साल मानसून बेहतर रहने की उम्मीद है। ऐसेे में पहले से ही नालों की सफाई नहीं हुई तो बारिश होते ही लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाएंगी। नगर पालिका के सभासद भी नालों की सफाई की मांग कर चुके हैं। नगर पालिका बोर्ड की पिछली बैठकों में भी सभासदों ने सफाई की बात उठाई थी। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन ने साफ-सफाई के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। स्वीकृति मिलने पर एक पखवारे से इन नालों की सफाई का कार्य शुरू हो चुका है।
चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष जायसवाल के अनुसार नौका टोला चुंगी से बावली चौक, बावली से नहर की पटरी, अम्बे चौक से हथिसार, गरूण नगर और गैस एजेंसी तक, अम्बे चौक से जटहां रोड, जलकल भवन से माल गोदाम तिराहे तक, नौका टोला चुंगी से बलुचहां रोड के दोनों तरफ के नालों की साफ-सफाई हो चुकी है। इसके अलावा नौका टोला चुंगी से सुभाष चौक, कठकुईयां मोड़ से भूतनाथ कॉलोनी और गायत्री मंदिर से छावनी के आगे तक दोनों तरफ के नालों की साफ-सफाई का कार्य चल रहा है।