कप्तानगंज। बौलिया निवासी 45 वर्षीय विजय प्रताप सिंह की असम में संदिग्ध परिस्थितियों में दो दिन पूर्व मौत हो गई। मौत का कारण अचानक दिल का दौरा पड़ना बताया जा रहा है। सोमवार को उनका शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
बताया जा रहा है कि विजय प्रताप सिंह पुत्र राजभवन सिंह, रोजी-रोटी की तलाश में असम में रहकर पाइप बनाने वाली कंपनी में काम करते थे। वहीं काम के दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। साथियों द्वारा परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद उनका शव गांव भेजा गया।
सोमवार को जब विजय प्रताप सिंह का शव उनके पैतृक गांव बौलिया पहुंचा तो घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी सरिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं 20 वर्षीय पुत्र विकास सिंह और 18 वर्षीय पुत्री मधु भी पिता की मौत से गहरे सदमे में हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि विजय प्रताप सिंह मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और परिवार के भरण-पोषण के लिए बाहर रहकर काम करते थे। उनकी असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढ़स बंधाया।