पडरौना। तेज धूप और उमस के साथ परेशान कर रहा मौसम फिर लोगों को राहत देगा। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार की शाम चेतावनी जारी की है। इसके अनुसार 19 अप्रैल तक आसमान में बादल छाए रहने और बारिश के आसार हैं। साथ ही विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम भारतीय मौसम विभाग की तरफ से मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार मौसम का अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 73 से 83 प्रतिशत और शाम के समय 40 से 50 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। पूर्वानुमान अवधि के दौरान 14 से 27 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज पुरुआ चलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 18 और 19 अप्रैल को आसमान में बादल छाए रहने और जिले के अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर बारिश होने के भी आसार हैं। इस पूर्वानुमान को देखते हुए अगले दो दिनों तक किसानों को गेहूं की कटाई मढ़ाई सावधानी पूर्वक करनी चाहिए।