मंसाछापर। मुख्य बाजार में बृहस्पतिवार देर रात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया और नकदी समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े। इसकी जानकारी शुक्रवार सुबह होने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर आई पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। मुख्य बाजार में चोरी के बाद रात्रि गश्त पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि पहले हुई चोरी का पुलिस अब तक पर्दाफाश नहीं कर सकी और फिर ये नई चोरी होने से असुरक्षा बढ़ गई है।
जटहा बाजार थाना क्षेत्र के मंसाछापर बाजार निवासी अरुण गुप्त बृहस्पतिवार की रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद गांव के बाहर स्थित नए मकान में सोने चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे जब वह पुराने घर पहुंचे तो कमरे की खिड़की की जाली उखड़ी हुई मिली। अंदर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार चोर 5 हजार रुपये, सोने की नथिया, टीका, अंगूठी, मंगलसूत्र, दो जोड़ी बाली तथा चांदी की पाजेब, कमरबंद समेत करीब चार लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण ले गए हैं। चौकी प्रभारी विकास कौल ने जांच-पड़ताल की। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे थे। चौकी प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
-
चार माह बाद भी नहीं खुली आभूषण दुकान चोरी की गुत्थी
मंसाछापर। मंसाछापर बाजार में चार माह पूर्व हुई आभूषण दुकान चोरी की घटना का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। बाजार निवासी कमलेश वर्मा की आभूषण दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच पाई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे व्यापारियों और ग्रामीणों में भय का माहौल है। ताजा चोरी की घटना के बाद लोगों ने पुराने मामले का भी शीघ्र खुलासा करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग किए है।