गोदाम का ताला तोड़कर डेढ़ लाख की चोरी, दो किशोर पकड़े गए, 28 हजार रुपये बरामद
हाटा। नगर के करमहा रोड़ पर स्थित बेकरी (बिस्कुट, टॉफी, चॉकलेट आदि) की एजेंसी के गोदाम का ताला तोड़कर सोमवार की रात डेढ़ लाख रुपये चोरी हो गए। मंगलवार की भोर में इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और शक के आधार पर दो किशोरों को पकड़ लिया। इनके पास से 28 हजार रुपये मिले हैं। एजेंसी मालिक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
हाटा नगर के करमहा रोड पर श्रीप्रकाश बरनवाल की बिस्कुट, टॉफी, चॉकलेट आदि खाद्य वस्तुओं की एजेंसी है। मंगलवार की भोर में सड़क पर टहलने निकले कुछ लड़कों ने एजेंसी के गोदाम के पास हलचल देखी। तभी दो लड़के गोदाम से निकल कर भागने लगे। टहलने निकले लड़कों ने इसकी सूचना एजेंसी मालिक के अलावा स्थानीय पुलिस को भी दी। कोतवाली पुलिस ने तलाश शुरू की तो कुछ ही देर में दो लड़के पकड़ भी लिए गए।
इस संबंध में कोतवाल ज्ञानेंद्र राय ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धरपकड़ शुरू कर दी। शक के आधार पर दो किशोरों को पकड़ा गया है। उनके पास से कुछ रुपये व खाद्य सामग्री भी मिली है। अभी इनसे पूछताछ कर और जानकारी जुटाई जा रही है। जल्दी ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।