मारपीट की घटनाओं में पांच लोग घायल
अहिरौली बाजार/बनकटा बाजार। मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। सोमवार की रात थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव के दो व्यक्तियों में हुई मारपीट में एक व्यक्ति घायल हो गया। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पुरानी रंजिश को लेकर मिश्रौली निवासी मिथिलेश यादव और छोटेलाल गुप्ता में सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे फइलहा घाट पर मारपीट हो गई। मिथिलेश यादव को गंभीर चोटें आई हैं। मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया है। अहिरौली बाजार थाने के एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बनकटा बाजार क्षेत्र के लाला भठहीं गांव में मंगलवार को बंटवारे को लेकर दो भाइयों प्रेम पटेल और पवन पटेल के बीच मारपीट हो गई। इसमें दोनों भाइयों सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को बनकटा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को पुलिस चौकी ले गई। बनकटा पुलिस चौकी प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि इस गांव में मारपीट की जानकारी है। मौके पर पुलिस भेजकर शांति व्यवस्था कायम किया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।