तमकुहीराज। बेखौफ चोरों ने बुधवार की रात में तमकुहीराज पुलिस चौकी से सौ मीटर की दूरी पर स्थित सात दुकानों में हाथ साफ किया। चोरों ने कस्बे की सब्जी मंडी स्थित तीन किराना, एक पान व तीन सब्जी की दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम देते हुए नकदी व सामान चुरा ले गए।
नगर पंचायत तमकुहीराज निवासी अमित गुप्ता तमकुहीराज कस्बा स्थित सब्जी मंडी में किराये के कमरे में किराना दुकान चलाता है। रोज की तरह वह बुधवार की शाम को दुकान बंद कर घर चला गया। बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे अमित गुप्ता जब दुकान खोलने पहुंचा तो बाहरी अहाते में सामान बिखरा पड़ा मिला।
अंदर दाखिल होने पर काउंटर तोड़कर करीब चार हजार रुपये, एक गत्ता एनर्जी ड्रिंक, सिगरेट के पैकेट, नमकीन आदि गायब मिले। इसके बाद उसने डायल के 112 को फोन कर घटना की जानकारी दी। दुकान में बीते दो साल में चोरी की यह तीसरी घटना है।
इसके अलावा चोरों ने राजेश ब्याहुत व कन्हैया प्रसाद के किराना दुकानों, महेश्वरी की पान की दुकान, राजेंद्र पटेल की सब्जी दुकान, प्रदीप की सब्जी दुकान व राजाराम की सब्जी की दुकान में से सामान व रुपये चुरा ले गए है। इन छह दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी है। जबकि, किराना दुकानदार अमित गुप्ता ने तमकुहीराज पुलिस को तहरीर सौंप कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। दुकानदार का कहना है कि दो साल में उनकी दुकान में तीन बार चोर सामान व रुपये चुरा ले गए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
इंस्पेक्टर तमकुहीराज अमित शर्मा ने बताया मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।