नोनियापट्टी रेलवे ढाला पर बनेगा ओवरब्रिज। संवाद
पडरौना। शहर के नोनियापट्टी के पास रेलवे क्राॅसिंग पर एल आकार में बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य शुरू होने में अभी समय लग सकता है। जमीन को लेकर उपजा विवाद किसी तरह सुलझा तो लगा निर्माण कार्य में तेजी आएगी, लेकिन निर्माण स्थल की मिट्टी की जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इसके चलते निर्माण कार्य अभी रुका हुआ है। रिपोर्ट आने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
शहर में जाम से मुक्ति दिलाने के लिए सांसद विजय दुबे के प्रयास से शहर में आरओबी निर्माण के लिए स्वीकृति मिली। करीब छह माह पूर्व टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो गई। इसका निर्माण कठकुईयां मार्ग के अंबे चौक से रेलवे स्टेशन रोड के बेलवा चुंगी मोड़ तक होगा।
पुल 8.5 मीटर चौड़ा और 603 मीटर लंबा होगा। इसके निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था की ओर से बोरिंग और पायलिंग का कार्य पूरा कर मिट्टी जांच के लिए लैब में भेजा गया। पायलिंग कार्य पूरा होने के बाद आरओबी की भार क्षमता का आंकलन होगा।
इसके बाद अन्य निर्माण कार्य शुरू होगा। शहर के बीच से कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग गुजरा है। इस रेल मार्ग पर छह सवारी गाड़ियां और छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस ट्रेन संचालित होती हैं। इसके अलावा समय-समय पर कुछ स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन होता है। इस रेलमार्ग पर खड्डा रोड, साहबगंज, नौका टोला, मेन रोड और नोनियापट्टी समेत कुल पांच रेलवे ढाले हैं। रेल मार्ग पर किसी भी ट्रेन के आने पर ये सभी रेलवे क्राॅसिंग एक साथ बंद होते हैं। इनके बंद होते ही शहर उत्तर और दक्षिण दो हिस्सों में बंट जाता है। कुछ ही देर में रेलवे ढाले के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है।