प्रोजेक्ट मैनेजर से घंटों वार्ता चली।
- फोटो : अमर उजाला
कसया। बहुप्रतीक्षित अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित जमीन पर कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से बनाए जा रहे बाउंड्रीवॉल के बीच पड़ने वाले धार्मिक स्थलों के रास्ते को लेकर नरायनपुर के लोगों ने शनिवार को निर्माण कार्य बंद करा दिया।
जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार, एसओ के अलावा कार्यदायी संस्था राइट्स कंपनी के डीजीएम, प्रोजेक्ट मैनेजर से घंटों वार्ता चली। हालांकि इस दौरान गांव के लोगों का एसओ से नोकझोंक भी हुई।
वार्ता में निर्णय लिया गया कि जब तक इस मामले को हल नहीं कर लिया जाता है तब तक यहां पर कंपनी की ओर से निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा। नरायनपुर गांव के लोगों का आरोप है कि हवाई पट्टी के लिए बनाए जा रहे बाउंड्री के अंदर कब्रिस्तान, ईदगाह, छठ माता की पिंडियाें के अलावा श्मशान स्थित है।
अगर इन स्थलों को जाने वाले रास्ते पर बाउंड्रीवॉल बना दी जाएगी तो रास्ता बंद हो जाएगा। इसी मांग को पूरा कराने के लिए शनिवार को गांव के नाराज लोगों ने कंपनी की तरफ से कराए जा रहे काम को बंद करा दिया।
मौके पर पहुंचे तहसील प्रशासन और पुलिस के अलावा कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत चलती रही लेकिन सहमति नहीं बन पाई। बातचीत में निर्णय लिया गया कि जब तक मामले को निपटा नहीं लिया जाता तब तक यहां पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा।