पडरौना। फाजिलनगर कस्बा के लोगों को बड़ी सौगात मिली है। राष्ट्रीय राज मार्ग को जैन मंदिर को जोड़ने वाली सड़क अब चौड़ी बनेगी। बद्यौचघाट मोड़ से शुरू होकर जैन मंदिर तक जाने वाली इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए शासन ने करीब 1947 लाख रुपये की मंजूरी देते हुए प्रथम किस्त के रूप में 1391 लाख रुपये जारी कर दिए हैं। प्रथम किस्त जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए पीडब्ल्यूडी की तरफ से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया शुरू होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
फाजिलनगर कस्बा स्थित प्रसिद्ध जैन मंदिर तक जाने वाली सड़क टू-लेन बनी है। इस मार्ग पर जैन मंदिर होने के चलते देश विदेश के पर्यटकों का आवागमन अधिक रहता है। इसके अलावा यह मार्ग देवरिया जिले के बघौच घाट को जोड़ती है, जिसके चलते इस सड़क पर हर समय वाहनों का आवागमन लगा रहता है। टू-लेन सड़क होने के बावजूद इस पर रूक-रूककर कई बार जाम लगता रहता है। इससे जैन मंदिर जाने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। संवाद