पडरौना। दुबई में छुट्टी मनाने के दौरान प्रबंधक की शिक्षक बेटी का दो माह का वेतन जारी किए से चर्चा में आए आलिया मदरसा मोहम्मदिया फैजे रसूल पिपरा कनक बोदा टोला में नियुक्तयों में भी फर्जीवाड़े का मामला सामने आ रहा है।
आरटीआई से मिली सूचना से पता चला है कि इसी मदरसे में शिक्षक प्रबंधक की बड़ी बेटी रहमतुनेशा ने नौकरी पाने के लिए जो अनुभव प्रमाण पत्र लगाया है वह फर्जी है। अब इसकी जांच जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने शुरू कर दी है।
इस बीच सैलरी जारी कराए जाने के मामले में प्रबंधक मुमताज आलम सिद्दीकी कोर्ट की शरण लेने की फिराक में है। सैलरी जारी करने में मदरसे में क्लर्क के पद पर कार्यरत प्रबंधक के साले की भूमिका भी संदिग्ध है। विवेचना में पुलिस क्लर्क का नाम शामिल कर सकती है।
पिपरा कनक बोदा टोला में संचालित मदरसा के प्रबंधक मुमताज आलम की दो बेटियां और पत्नी मदरसे में शिक्षक हैं जबकि साला क्लर्क है। छोटी बेटी तालीमुन निशा सहायक अध्यापक है। तालीमुन निशा फरवरी में दुबई घूमने गई। बिना उसके ड्यूटी किए उसकी हाजिरी बनाकर दो माह का वेतन प्रबंधक ने भेज दिया। शिकायत पर जिला अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी की जांच में मामला सही मिला। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की तहरीर पर रविंद्र नगर पुलिस ने प्रबंधक मुमताज और तालीमुन निशा पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। विवेचना के क्रम में पुलिस को पता चला है कि फर्जी तरीके से वेतन भुगतान कराने में प्रबंधक के साले मदरसे के बाबू की संलिप्तता है। इस लिए उसका भी नाम जल्द विवेचना में पुलिस शामिल कर सकती है।