तमकुहीराज। क्षेत्र के दाहूगंज स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित टीआरएल क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला सीपी हॉस्पिटल कुबेरस्थान एवं एचसीसी हेतिमपुर के बीच खेला गया।
रोमांचक मुकाबले में कुबेरस्थान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश किया। मैच का शुभारंभ तमकुहीराज विधायक डॉ. असीम कुमार एवं केन यूनियन सेवरही के चेयरमैन धीरेंद्र उर्फ राजू राय ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
टॉस जीतकर कुबेरस्थान की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए हेतिमपुर की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 224 रन बनाए। टीम की ओर से रंजीत यादव ने 13 गेंदों में 40 रन तथा गोलू ने 15 गेंदों में 34 रनों की विस्फोटक पारी खेली। कुबेरस्थान की ओर से हर्षित यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में मात्र 39 रन देकर 4 विकेट झटके। 225 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुबेरस्थान की टीम ने 13.5 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से हर्षित यादव ने 41 गेंदों में नाबाद 129 रन की जबरदस्त पारी खेली। कुबेरस्थान ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया। हर्षित यादव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।