दुदही (कुशीनगर)। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के एक वार्ड में बुधवार काे भोर में उस समय हंगामा मच गया जब बाहर से घर लौटे युवक ने अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ कमरे में रंगेहाथ पकड़ लिया। पत्नी ने प्रेमी को छूने नहीं दिया। शोरगुल सुनकर मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस महिला व उसके प्रेमी को थाने ले जाकर पूछताछ की। यहां महिला प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई। पुलिस अब दोनों को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के लिए भेजने की तैयारी में है।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही नगर पंचायत के एक वार्ड निवासी युवक की करीब पांच वर्ष पहले शादी हुई थी। उसकी तीन और दो वर्ष की दो बेटियां हैं। करीब दो माह पहले युवक घर आया था, तब पत्नी ने एक युवक को मौसी का बेटा बताकर दो दिन तक घर में रखा था। पति को संदेह हुआ तो उसने पूछताछ भी की, लेकिन पत्नी अपने बयान पर अड़ी रही। इसके बाद युवक बाहर चला गया।
बुधवार सुबह करीब पांच बजे युवक ट्रेन से उतरकर सीधे घर पहुंचा और पत्नी को आवाज दी। पत्नी ने फाटक खोला तो कमरे में बिस्तर पर दूसरे युवक को देखकर पति के होश उड़ गए। पति जब उसे पकड़ने बढ़ा तो पत्नी बीच में आ गई और रोकने लगी। इसी दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। पूछताछ में युवक की पहचान शाहजहांपुर जिले के एक गांव के निवासी के रूप में हुई। महिला ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए दोनों के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा है। वह प्रेमी के साथ जाने पर अड़ी रही। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस प्रेमी-प्रेमिका के साथ दोनों बच्चियों को भी थाने ले गई। महिला अपने फैसले पर अडिग रही। पुलिस अब दोनों को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के लिए भेजने की तैयारी में है। थानाध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि दोनों को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई उनके बयान के आधार पर की जाएगी।