प्रधान संघ का बेमियादी धरना शुरू।
- फोटो : अमर उजाला
एडीओ पंचायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रधान संघ की दुदई विकास खंड इकाई के लोगों ने सोमवार से विकास खंड परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। इनके समर्थन में विभिन्न गांवों के काफी संख्या में लोग भी पहुंचे। इसके अलावा प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष ने भी धरना स्थल पर पहुंच कर समर्थन दिया।
धरनास्थल पर आयोजित सभा में प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश यादव ने कहा कि गांव का विकास कराने और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने को लेकर किसी भी स्तर पर आंदोलन किया जा सकता है। उन्होंने दुदही के एडीओ पंचायत तानाशाही रवैया अपना कर कार्य करने का आरोप लगाया। प्रधान संघ के ब्लाक इकाई के अध्यक्ष विनोद कुशवाहा ने कुछ अधिकारियों पर आईडी जनरेट करने के नाम पर धनउगाही का आरोप लगाया। कहा कि कमीशन नहीं देने पर खाते से धनराशि नहीं निकालने दी जा रही है। इसके चलते गांवों में विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि अधिकारी सफाई कर्मचारियों को गांवों में ड्यूटी पर न भेजकर कार्यालय पर काम करा रहे हैं। परिवार रजिस्टर की नकल देने के बदले भी धनराशि की मांग की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों के प्रति अविलंब ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को विस्तार दिया जाएगा।
सभा में नेबुआ नौरंगिया के ब्लाक अध्यक्ष हरिगोविंद राव, तमकुहीराज के ब्लाक अध्यक्ष राजकुमार सिंह, विशुनपुरा के ब्लाक अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, जावेेद अख्तर, बंटी राय, राजमंगल यादव, नन्दलाल तिवारी आदि ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान मनोज कुमार, शैलेश कुमार, विजय सिंह, अमरजीत प्रसाद, शमीम आलम, इमाम हुसैन, रामअवध गौतम, सुरेन्द्र कुशवाहा, रणजीत सिंह आदि मौजूद रहे।