पडरौना। जिले के परिषदीय स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए अब तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। दिसंबर में होने वाली निपुण परीक्षा पहली बार निपुण प्लस एप के माध्यम से कराई जाएगी।
इसका उद्देश्य प्राथमिक कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों की भाषा और गणित में दक्षता को परखना है, ताकि जो कमियां मिले, उनको दूर कर प्रत्येक बच्चे को निपुण किया जा सके। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परीक्षा संचालन, मूल्यांकन और रिपोर्ट तैयार करने की पूरी प्रक्रिया अब डिजिटल माध्यम से होगी।
इस नई व्यवस्था से समय की बचत के साथ पारदर्शिता भी बढ़ेगी। बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्या ने बताया कि इस संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा से पहले शिक्षकों को एप के उपयोग का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से दिया जाए। संवाद