फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आग से झुलसकर बुजुर्ग की मौत, वृद्धा गंभीर

Tue, 02 Jan 2018 12:14 AM IST
कुश्ाीनगर (ब्यूरो)
विज्ञापन
जली झाेपड़ी। - फोटो : कुश्‍ाीनगर ब्यूरो
विज्ञापन
पडरौना। रविवार की आधी रात और सोमवार की भोर में दो थाना क्षेत्रों में लगी आग से दो झोपड़ियां जल गईं। एक झोपड़ी में सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की झुलसने से मौत हो गई। दूसरी घटना में 75 वर्षीया बुजुर्ग महिला झुलस गईं। मृत बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। झुलसी वृद्धा का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन


पिपरा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार रामकोला थानाक्षेत्र के रोवारी गांव के नरकटिया टोला निवासी चंद्रिका रविवार की रात झोपड़ी में अकेले सोये हुए थे। रात के तकरीबन दो बजे पड़ोसियों को अचानक बांसों के चटकने की आवाज सुनाई पड़ी और उजाले का आभास हुआ। लोग घरों से बाहर निकले तो चंद्रिका की झोपड़ी जल रही थी। हल्ला हुआ तो गांव के बहुत से लोग जुट गए और बड़ी मशक्कत से आग बुझाई। आग की लपटें शांत होने के बाद चंद्रिका बुरी तरह झुलसे नजर आए। उनकी मौत हो चुकी थी। चंद्रिका के कुल पांच बेटे हैं और सबने अपनी अलग गृहस्थी बसा रखी है। पिता की देखभाल एक बेटा रामअधार करते थे। घटना की सूचना डॉयल 100 और 108 नंबर पर दी गई तो पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। परिवार और गांव के अन्य लोगों का अनुमान है कि ठंड से बचने के लिए झोपड़ी में जलाए गए अलाव से आग लग गई होगी। इस संबंध में रामकोला थाने के एसआई मिथिलेश्वर कुमार मिश्र ने बताया कि एसडीएम की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कुबेरस्थान प्रतिनिधि के अनुसार कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के कल्याण छापर गांव निवासी उत्तम चौहान की झोपड़ी में सोमवार की भोर में करीब चार बजे लगी आग में गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आकर झोपड़ी में सो रही 75 वर्षीय वृद्धा रमपतिया गंभीर रूप से झुलस गईं।
विज्ञापन


कल्याण छापर गांव निवासी उत्तम चौहान गांव के दक्षिण तरफ अपनी जमीन में झोपड़ी डालकर पूरे परिवार के साथ रहते हैं। उसी झोपड़ी में घर गृहस्थी का सामान भी रखा जाता था। रविवार की शाम परिवार के सभी सदस्य झोपड़ी में सो गए। सोमवार की भोर में करीब चार बजे अचानक झोपड़ी में आग लग गई। झोपड़ी का जलता हिस्सा उत्तम की 75 वर्षीय वृद्ध माता रमपतिया के ऊपर गिर पड़ा। इसके कारण वृद्धा का चेहरा समेत शरीर के कई अंग बुरी तरह से झुलस गए। घर के अन्य लोगों ने किसी तरह से खुद के अलावा झुलसी रमपतिया को झोपड़ी से बाहर निकालकर जान बचाई। गांव के लोगों ने काफी मशक्कत से आग बुझाई। झोपड़ी में रखा सारा सामान भी जलकर नष्ट हो गया। झुलसी रमपतिया को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पाकर लेखपाल राधा चरण भी मौके पर पहुंचे और आग से हुई क्षति का आकलन किया।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें