पडरौना। जिले के युवाओं ने सोमवार को नववर्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। सुबह शीतलहर और सर्द हवाएं चलने के बावजूद युवाओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। वे बुद्घनगरी कुशीनगर सहित रामकोला के विश्व दर्शन मंदिर सहित अन्य दर्शनीय स्थलों पर पिकनिक का लुफ्त लिए तो पनियहवा का मशहूर चपुआ मछली और भूजा का स्वाद चखने के लिए भी पहुंचे। पडरौना नगर में सुभाष चौक, कसेरा टोली सहित अन्य मुहल्लों में युवा रात में डीजे पर देर रात तक थिरकते रहे और नववर्ष का पूरे उत्साह से स्वागत किया।
पडरौना नगर सहित आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवा लग्जरी गाड़ियों के साथ-साथ जीप, बाइक सहित अन्य वाहनों पर गुब्बारे और साउंड सिस्टम बांधकर कुशीनगर, पनियहवा, रामकोला सहित गोरखनाथ मंदिर सहित अन्य दर्शनीय स्थलों के लिए सुबह ठंड की परवाह किए बिना अपने घरों से निकल गए। सड़कों पर गुब्बारे और साउंड सिस्टम लगे कई वाहन खड़े रहे, जो एक-एक पिकनिक स्पॉट के लिए निकल गए। दिन भर मौज मस्ती करने के बाद वे अपने-अपने घरों को लौट आए।