कमिश्नर ने दौरा कर पीएम के कार्यक्रम की तैयारी का लिया जायजा
कसया। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों लोकार्पण संभावित है। श्रीलंका के राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे समेत 25 डेलीगेट्स और 100 बौद्ध भिक्षुओं के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज हो गई है। कुशीनगर के प्रमुख दर्शनीय स्थल के पूजा-अर्चना की तैयारी को लेकर शनिवार को उच्चाधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम के संबंध में चर्चा की।
कमिश्नर रवि कुमार एनजी और एडीजी अखिल कुमार शनिवार को टर्मिनल बिल्डिंग पहुंचे। यहां अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें चर्चा के बाद हवाई अड्डे के टर्मिनल बिल्डिंग के सामने टूर ट्रैवेल कंपनियों व विभिन्न एयरलाइंस के सीईओ के साथ प्रधानमंत्री की होने वाली वार्ता की व्यवस्था के लिए एएआई कुशीनगर के डायरेक्टर एके द्विवेदी से जानकारी ली।
उसके बाद हवाई अड्डा के टर्मिनल बिल्डिंग के अंदर और बाहर क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पीएन पाठक, सांसद विजय कुमार दूबे, विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री के आगमन को ध्यान में रखकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद कमिश्नर कुशीनगर रामाभार स्तूप के निकट बन रहे हेलीपैड पहुंचे, जहां अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी हेमराज सिंह से कमिश्नर ने अब तक हुई प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। यहां 250 वर्गमीटर क्षेत्र में 26 गुणे 26 मीटर साइज के पांच हेलीपैड निर्मित होंगे। इसमें तीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए, एक-एक राज्यपाल व मुख्यमंत्री के लिए होंगे। अधिकारियों के दल ने महापरिनिर्वाण बुद्ध मंदिर परिसर पहुंचकर पुरातत्व अधिकारियों से वार्ता कर जानकारी ली। उधर, पांच हजार भिक्षुओं के परिसर में उपस्थित रहने पर निर्णय नहीं लिया जा सका।
इस मौके पर डीएम एस. राजलिंगम, एसपी सचिंद्र पटेल, एडीएम विंध्यवासिनी राय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा, एसडीएम प्रमोद तिवारी, अधीक्षण पुरातत्वविद् अविनाश मोहंती, संरक्षण सहायक शादाब खान, ईओ प्रेमशंकर गुप्ता, जेई आरएन राव, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र, महामंत्री संतोष दत्त राय, अनिल प्रताप राव, पूर्व चेयरमैन नंदकिशोर नाथानी, डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, दिव्येंदु मणि त्रिपाठी, दीप मिश्र, अनिल शुक्ल, बाबू चकमा, सोनू राव आदि मौजूद रहे।