छितौनी (कुशीनगर)। पनियहवा और वाल्मीकिनगर रोड स्टेशन के बीच बृहस्पतिवार की रात करीब ढाई बजे कटिहार से दिल्ली जा रही चंपारण हमसफर एक्सप्रेस (15705) वाल्मीकि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक जंगली भैंस से टकरा गई। इसकी वजह से रेलवे लाइन पर करीब ढाई घंटे ट्रेन का आवागमन बाधित रहा।
जानकारी के मुताबिक हादसा वाल्मीकिनगर रोड स्टेशन व पनियहवा स्टेशन के बीच मदनपुर जंगल स्थित रेलवे ढाला के पास हुआ। एक जंगली भैंस रेलवे ट्रैक पर आ गई थी। इससे उसकी टक्कर ट्रेन से हो गई। चालक ने तत्परता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाया, इससे ट्रेन के डिरेल होने से बच गई। टक्कर के बाद ट्रेन करीब 2.30 घंटे तक मौके पर खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी मची रही। हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के कारण इस रेलखंड पर कुछ समय के लिए ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक का निरीक्षण किया गया। वाल्मीकिनगर रोड स्टेशन के स्टेशन मास्टर पीएन पांडेय ने बताया कि चालक की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया। वहीं बगहा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि रेलवे टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक को सुरक्षित कराया।