एक वर्ष पहले बने सामुदायिक शौचालय का भवन हुआ जर्जर
- ग्रामसभा पिपरा में निर्मित शौचालय की छत से टपक रहा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी।
अहिरौली बाजार (कुशीनगर)। ग्रामसभा पिपरा में एक वर्ष पहले बने सामुदायिक शौचालय शुरू होने से पहले ही जर्जर हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है। हल्की बारिश होने पर छत से पानी टपकने लगता है। गांव के लोगों को कहना है कि निर्माण कार्य से जुड़े लोगों की लापरवाही से परेशानी हो रही है। यह शौचालय ऐसी जगह बनवाया गया है, जहां जाने के लिए रास्ता भी नहीं है।
गांव को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए शासन के निर्देश पर सुकरौली ब्लॉक के पिपरा गांव में सामुदायिक शौचालय का निर्माण एक वर्ष पहले कराया गया था। यहां न तो बिजली है और न ही पानी के लिए मोटर ही लगी है। एक हैंडपंप है, जो खराब है। इसमें लगी सीटें भी धंस गई हैं। इसके चलते गांव के लोग इस शौचालय का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। लोगों ने शौचालय के निर्माण में हुई गड़बड़ी की जांच कराकर दोषियों के लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। गांव के रामबचन गौड़ ने बताया कि एक साल पहले बने इस शौचालय के पास आने जाने का कोई रास्ता ही नहीं है।
संगम साहनी ने बताया कि गांव में सामुदायिक शौचालय की हालत देखकर कोई जाना ही नहीं चाहता है। कुछ लोग जाना चाहते हैं तो रास्ता ही नहीं है।
महेश निषाद ने बताया कि एक ही साल में छत से पानी टपकने से लोगों के अंदर डर रहता है कि कहीं छत गिर न जाए। नतीजा, लोग खुले में शौच के लिए जाने को मजबूर हैं।
रामदुलारे गौड़ ने सवाल उठाया कि इस शौचालय का उपयोग कैसे किया जा सकता है, इसमें पानी की व्यवस्था ही नहीं है। हैंडपंप है, लेकिन वह खराब है। शौचालय की सीट भी जमीन में धंस गई है।
अरविंद सिंह, नागेंद्र गौड़, रामनिवास प्रसाद, रामलक्षन, जिऊत निषाद, राजकुमार प्रसाद आदि लोगों ने बताया कि रखरखाव के लिए जिस सफाई कर्मचारी को रखा गया है, वह भी यहां कभी नहीं आता ।
ग्राम प्रधान अरविंद यादव ने बताया कि यह सामुदायिक शौचालय मेरे कार्यकाल से पहले बना है। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर जाकर देखा तो छत से पानी टपक रहा था। सीट बैठी हुई है। इसकी सूचना विभाग को दी गई है। ग्राम पंचायत सचिव अनिल तिवारी ने कहा कि इसके निर्माण के बाद, हमें इस गांव का चार्ज मिला है। जिस स्थान पर शौचालय का निर्माण हुआ है, वह सही नहीं है। छत से पानी टपकने की सूचना मिली है। मौके पर जाकर निरीक्षण करने के बाद विभाग को सूचना दी जाएगी।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी उषा पाल ने बताया कि इसकी जानकारी हमें नहीं थी। मौके पर जाकर जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।