कुशीनगर। कसया के होटल और मैरिज लॉन से युवकों के साथ जिन युवतियों को पकड़कर पुलिस ने जेल भेजा था उसमें से कुछ पैसे की एवज में देह व्यापार के धंधे में लिप्त थीं। वहीं कुछ कस्टमर हैंडलिंग का काम करती थीं। इनका संपर्क कई होटल संचालकों से था और यही डिमांड के अनुसार दलालों को पहले फोटो और फिर सौदा तय करती थीं।
जमानत पर रिहा होकर आईं इन युवतियों के उम्र का सत्यापन पुलिस कर रही है। वहीं दिल्ली, गाजियाबाद और लखनऊ कनेक्शन मिलने के बाद पुलिस वहां जाकर हकीकत जानेगी। इसके लिए सीओ के नेतृत्व में टीम गठित हो गई है। इधर पुलिस की टीम इन युवतियों के संपर्क में होटल संचालकों और लोगों को भी ट्रेस कर रही है। सूत्रों के अनुसार मोबाइल से संपर्क और व्हाट्सएप के कई ग्रुप में इन युवतियों की सक्रिय सहभागिता देखी गई है।
होटल और मैरिज लॉन से पकड़ी गई युवतियां जेल भेजे जाने के कुछ घंटों बाद बेल पर बाहर आ गईं। इन युवतियों में पडरौना, कसया और देवरिया के इलाके के अतिरिक्त गाजियाबाद, दिल्ली और लखनऊ की ऐसी युवतियां मिलीं जिन्हें होटल संचालकों द्वारा विशेष डिमांड के बाद मोटी रकम देकर यहां बुलाया गया था। विभिन्न समूह से जुड़ी यह युवतियां अलग-अलग प्राइस रेंज के मुताबिक सौदा तय करती थीं।
यह युवतियां बेल पर बाहर तो आ गईं लेकिन पुलिस ने जांच का दायरा कम न कर और बढ़ा दिया है। सूत्रों के अनुसार अब सीओ के नेतृत्व में गठित टीम गाजियाबाद, दिल्ली और लखनऊ के उन लोकेशन पर जाकर यह जांच करेगी कि जो पता और नाम उन युवतियों ने बताया था क्या वह सही है। इसके अलावा इन युवतियों से संपर्क में रहने वाली अन्य महिलाएं और कई होटल संचालक रडार पर हैं जो लगातार इन युवतियों से सौदा तय करने को लेकर बातचीत करते थे।
फिलहाल पुलिस इस मूड में है कि यह धंधा पुनः संचालित न हो लेकिन स्थानीय लोगों का मानना है कि हर वर्ष इस तरह से छापेमारी के बाद यह उम्मीद लगाई जाती है कि इस गंदे धंधे पर लगाम लगेगा लेकिन पुनः कुछ ही दिनों में यह धंधा पूर्ववत संचालित होने लगता है।