कसया। नगर पालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड संख्या-10 वाल्मीकि नगर में रविवार को खेल मैदान का राजस्व विभाग की ओर से पैमाइश कर सीमांकन कराया गया। यह कार्रवाई गांव के युवकों की तरफ से तहसील दिवस में दर्ज कराए गए शिकायत के बाद की गई।
इस वार्ड के बरवा जंगल में खेल मैदान के नाम से राजस्व अभिलेख 72 डिस्मिल जमीन दर्ज है। बीते छह फरवरी को संपूर्ण समाधान दिवस में युवकों ने खेल मैदान से अतिक्रमण हटवाने के लिए शिकायत दर्ज कराई थी। इनकी शिकायत पर ही रविवार को दोपहर बाद लगभग एक बजे हल्का लेखपाल देवा प्रसाद ने जमीन की पैमाइश कर इसका सीमांकन किया।
लेखपाल ने बताया कि खेल मैदान की जमीन में दो लोगों ने पुआल और गोबर रखा है। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय का एक अतिरिक्त कक्षा कक्ष भी इसमें ही बन गया है। खेल मैदान पर अतिक्रमण करने वालों को जल्दी कब्जा हटाने को कहा गया है। इस दौरान अजय कुमार, राज किशोर कुशवाहा, सोनू सिंह, वाल्मीकि गोंड़, अमित श्रीवास्तव, रघुनंदन सिंह, टीपू राय, प्रेम यादव, विशाल यादव, मंजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।