कोतवाली के बगल में स्थित एक टेंट व्यवसायी पर असलहा तानने के आरोप में पुलिस ने लोगों के सहयोग से तीन युवकों को असलहा और लक्जरी वाहन के साथ गिरफ्तार कर लिया। टेंट व्यवसायी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा लिख कर आरोपियों को जेल भेज दिया।
शुक्रवार की शाम को हाटा कोतवाली के करीब पश्चिम स्थित टेंट व्यवसायी की दुकान के सामने खड़ी बाइक को कोतवाली की ओर से आ रही एक लक्जरी वाहन ने ठोकर मार दी।
मौके पर कई लोग जुट गए। बाद में लक्जरी वाहन पर सवार युवक बाइक बनवाने के लिए पांच सौ रुपये देकर चले गए। आरोप है कि कुछ देर के बाद युवक फिर वापस लौट कर आए और टेंट व्यवसायी पर पिस्टल तान दी।
शोर मचाने पर अगल-बगल के लोग जुट गए और उसी समय कस्बा चौकी इंचार्ज प्रियंबद मिश्र अन्य पुलिस के जवानों साथ पहुंच गए और युवकों को असलहे के साथ हिरासत में ले लिया।
जिनकी पहचान रविंद्र पांडेय, संतोष पांडेय और प्रवीन शुक्ला जिला देवरिया के रूप में हुई। पुलिस ने टेंट व्यवसायी अखिलेश पटवा की तहरीर पर पकड़े गए लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
इस संबंध में कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि पकड़े गए लोगों के बारे अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है।