पडरौना/मंसाछापर। क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रामघाट मंदिर के दिन अब बहुरने वाले हैं। इसके सुंदरीकरण के लिए शासन ने 53 लाख रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। टेंडर प्रक्रिया भी पूरा हो चुकी है। बहुत जल्दी निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
विशुनपुरा ब्लॉक के बांसी नदी के पास स्थित रामघाट मंदिर स्थानीय स्तर के साथ ही दूर-दराज के श्रद्धालुओं की श्रद्धा का केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में लोग दर्शन-पूजन के लिए आते हैं, लेकिन यहां बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। लोगों की समस्या और रामघाट की प्राचीनता को देखते हुए राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह ने पहल कर मंदिर और घाट के सुंदरीकरण का प्रस्ताव शासन को भिजवाया।
शासन ने 53 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए। सांसद ने बताया कि इस धनराशि से रामघाट स्थित मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हाल का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर में पेयजल व्यवस्था, स्वच्छ शौचालयों का निर्माण, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए पर्याप्त बेंच, पूरे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण इंटरलॉकिंग, अत्याधुनिक लाइटिंग व्यवस्था और संपूर्ण मंदिर प्रांगण का सुंदरीकरण किया जाएगा। सुगम आवागमन के लिए सीसी रोड का निर्माण भी इस परियोजना का हिस्सा है। राज्य सभा सांसद ने कहा कि बांसी नदी क्षेत्र के लोगों की आस्था का केंद्र है इसलिए इसका विकास प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। शासन की तरफ से 53 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरा हो गई है। जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।