खड्डा। गंडक नदी का बहाव देखने गई किशोरी पैर फिसलने से नदी में लापता हो गई। परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस और ग्रामीणों देर शाम तक तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
गैनही जंगल के रामसमुझ निषाद की 15 वर्षीय पुत्री अनुष्का मंगलवार को मदनपुर गांव के सामने छितौनी तटबंध के ठोकर नंबर-दो के पास अन्य लोगों के साथ गंडक नदी का बढ़ा जलस्तर देखने गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी किनारे खड़ी किशोरी का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में गिर गई। देखते ही देखते वह नदी की धारा में समा गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। उनके विलाप से माहौल गमगीन हो गया। थोड़ी देर में पुलिस भी पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू कराई। समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी की तलाश कराई जा रही है। नदी में तेज बहाव होने के कारण खोज अभियान में कठिनाई आ रही है।