तुर्कपट्टी। खेत से मजदूरी कर लौट रहा मजदूर की सोमवार शाम नहर की पटरी पर पैर फिसलने से डूबकर गया। मंगलवार की दोपहर गांव के समीप नहर में उसका शव मिलने की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने गांव वालों की मदद से शव का दाह संस्कार कर दिया।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के लाला गुरवलिया गांव निवासी 40 वर्षीय पुन्ना प्रसाद पत्नी व पुत्र के साथ सोमवार की शाम दूसरे के खेत में रोपनी कर घर लौट रहे थे। उन्होंने पत्नी व पुत्र से कहा कि तुम दोनों घर चलो। मैं खेत देख कर आता हूं। अपना खेत देखकर नहर के रास्ते आ रहे पुन्ना का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर कर डूब गए। काफी देर तक घर न पहुंचने पर घर वालों ने खोजबीन शुरू की लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
मंगलवार की दोपहर ग्रामीणों ने गांव के पास ही नहर में शव उतराया देखा। सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। मृतक पुन्ना के परिवार में पत्नी और एक नाबालिग पुत्र है। सभी मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। पुन्ना प्रसाद दूसरों के खेतों में काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार यादव ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं है। मामले की जानकारी की जा रही है।