तैनाती गांव में, रोजगार दिल्ली में, जांच का आदेश
रहसू बाजार(कुशीगनर)। फाजिलनगर ब्लॉक के जोकवा खुर्द गांव में पंचायत सहायक के पद पर नियुक्त एक व्यक्ति दिल्ली में रहकर रोजगार करता है। इसकी शिकायत गांव की एक महिला ने एसडीएम कसया से की है। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ को जांचकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जोकवा खुर्द ग्राम सभा की प्रियंबदा मिश्रा ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति गांव में पंचायत सहायक के पद पर नियुक्त है, लेकिन वह दिल्ली में रहकर कोई रोजगार करता है। यहां पर उसके परिवार के दूसरे लोग पंचायत सहायक का कार्य करते हैं। ग्राम पंचायत सचिव के संज्ञान में पूरा मामला होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। महिला के मुताबिक पंचायत सहायक की मेरिट में वह दूसरे नंबर पर थी।
इस संबंध में एसडीएम कसया रत्निका श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जांच बीडीओ को दी गई है। यह नियम विरुद्ध है। जांचकर कार्रवाई की जाएगी। फाजिलनगर की बीडीओ सुप्रिया ने कहा कि मामला संज्ञान में है। जांच शुरू कर दी गई है। दोषी के विरुद्ध ब्लॉक ने दो नोटिस भी जारी कर दिया है। प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।