हाटा। नगर पालिका के वार्ड नंबर एक परागपुर निवासी ज्योति सिंह रविवार की शाम को घर से कस्बे में मोमो खरीदने के लिए साइकिल से गई थी। कस्बे के कप्तानगंज ओवरब्रिज पर साइकिल खड़ी कर छलांग लगा दी। राहगीरों ने शोर मचाया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर आई पुलिस ने युवती का मोबाइल कब्जे में ले लिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर करीब दो घंटे बाद परिजनों को जानकारी हुई तो वे सीएचसी पहुंचे और उसकी पहचान वार्ड नंबर एक निवासी ज्योति सिंह के रूप में की। पुलिस मोबाइल की मदद से आत्महत्या का कारण पता लगाने में जुटी है।
नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर एक निवासी ज्योति सिंह (18) दिन में करीब तीन बजे अपनी मां से बाजार से मोेमो खरीदने जाने की बात कह घर से साइकिल से निकली। कस्बे के कप्तानगंज चौराहे पर बने ओवरब्रिज पर करीब चार बजे अपनी साइकिल खड़ी कर छलांग लगा दी। मौजूद लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि ज्योति के पिता रामेश्वर सिंह रोजी-रोटी के सिलसिले में पंजाब रहते हैं। उसका बड़ा भाई गुजरात में काम करता है। घर पर ज्योति अपनी मां के साथ रहती थी। परिजनों के मुताबिक, ज्योति ने इसी वर्ष इंटर की परीक्षा पास की थी।
देर शाम करीब छह बजे सोशल मीडिया पर युवती की आत्महत्या का वीडियो वायरल होने पर परिजनों को जानकारी मिली। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कुछ दिन तक कसया थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने मामा के घर रही थी। वहां से आने के बाद इसका व्यवहार बदला-बदला जा हो गया था। दबी जुबान चर्चा है कि ननिहाल में किसी युवक से युवती बात कर रही थी। आत्महत्या के बीच प्रथम दृष्टया पुलिस इस बिंदु को केंद्र में रखकर जांच कर रही है। कसया सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि शव कब्जे में ले लिया गया है। मोबाइल की मदद से आत्महत्या के कारण का पता लगाया जा रहा है।