कसया। थाना क्षेत्र के कुरमौटा मंझरिया गांव में रविवार को छोटी गंडक नदी में नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। वह ननिहाल आया था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाटा थाना क्षेत्र के सिकटिया के बनटोलवा निवासी अंकित गुप्ता (16) पुत्र वेद प्रकाश गुप्ता अपने ननिहाल ग्राम कुरमौटा मंझरिया में नाना राजमंगल गुप्ता के घर आया था। रविवार को गांव के पास बह रही छोटी गंडक नदी में नहाने चला गया। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। शोर सुनकर लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मदद से कुछ देर बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची कसया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसएचओ आशुतोष सिंह ने बताया कि एक युवक की मौत हुई है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मां की चीख-पुकार से गमगीन हुआ माहौल
कसया। कुरमौटा मंझरिया गांव में मांगलिक कार्यक्रम की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शादी समारोह में शामिल होने आया किशोर गंडक नदी में डूब गया। बताया जा रहा है कि अंकित अपनी मां के साथ ननिहाल में पट्टीदारी के एक घर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था। घर में शादी की तैयारियां और खुशियों का माहौल था। इसी बीच नदी में डूबने की खबर पहुंचते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
किशोर की मौत की सूचना मिलते ही उसकी मां दहाड़ मारकर रोने लगी। वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। शादी वाले घर में बज रहे गीत-संगीत अचानक थम गए और पूरा माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि 16 वर्षीय अंकित काफी मिलनसार स्वभाव का था। उसकी असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।